काम की शुरुआत में ही थकान और उलझन महसूस होना कई लोगों की आम समस्या है। अक्सर इसका कारण काम का बोझ नहीं, बल्कि मेज पर बिखरी हुई फाइलें, कागजात और अस्त-व्यस्त डेस्कटॉप होता है। सेज जर्नल्स की एक अध्ययन में पाया गया है कि बिखरा हुआ वर्कस्पेस फोकस को कम करता है और प्रोडक्टिविटी पर बुरा असर डालता है।
अच्छी बात यह है कि इसे सुधारने के लिए घंटों की मेहनत की जरूरत नहीं है। रोजाना सिर्फ 5 मिनट अपने वर्कस्पेस को व्यवस्थित करने से फोकस, मूड और काम की दक्षता दोनों में सुधार आ सकता है।एक साफ-सुथरा और व्यवस्थित डेस्क दिमाग को स्पष्ट संदेश देता है कि अब केवल काम पर ध्यान केंद्रित करना है।

इससे अनावश्यक डिस्ट्रैक्शन कम होते हैं, काम की गति बढ़ती है और काम की गुणवत्ता भी बेहतर होती है। बिखरा हुआ माहौल अनजाने में मानसिक तनाव बढ़ाता है। वहीं, चीजों को सही जगह पर रखने से मानसिक शांति मिलती है और तनाव कम होता है। जब छोटी-छोटी चीजें आपके नियंत्रण में होती हैं, तो आत्मविश्वास बढ़ता है और पूरे दिन को बेहतर ढंग से मैनेज करने का एहसास होता है, जो मोटिवेशन भी बढ़ाता है।
कार्यस्थल को व्यवस्थित रखने की आदत न केवल प्रोडक्टिविटी बढ़ाती है बल्कि काम के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित करती है। इसलिए रोजाना काम शुरू करने या खत्म करने से पहले कुछ मिनट डेस्क को ऑर्गनाइज करने की आदत डालें। यह छोटा बदलाव आपके काम के प्रदर्शन में बड़ा सुधार ला सकता है।
