पिथौरागढ़। जनपद के मूनाकोट ब्लॉक स्थित गुरुमतोली गांव में एक पिता बेटी की शादी की तैयारियों के बीच इस चिंता में पड़ गया कि बारात गांव तक कैसे पहुंचेगी। गांव को जोड़ने वाली सड़क गड्ढों से पटी हुई है और कई जगह वाहन निकालना तो दूर, पैदल चलना भी कठिन है। विभाग से सुधार की उम्मीद न बचने पर गुरुमतोली निवासी गोविंद जोशी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर फावड़ा-बेलचा उठाया और खुद सड़क सुधारने में जुट गए। उनकी बेटी की शादी 30 नवंबर को होनी है।

गणेश पूजा के दिन भी सड़क पर जुटे रहे
गोविंद जोशी शुक्रवार को घर में गणेश पूजा का कार्यक्रम होने के बावजूद ग्रामीणों के साथ सड़क पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर फावड़े और बेलचों से गड्ढों में मिट्टी-मलबा डाला और रास्ते को चलने लायक बनाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि यह सब इसलिए करना पड़ा, ताकि बारातियों और मेहमानों को गांव पहुंचने में परेशानी न हो।
10 किमी मार्ग से पांच हजार की आबादी प्रभावित
क्वीतड़-जमतड़ी सड़क करीब 10 किलोमीटर लंबी है और इससे आसपास के गांवों की लगभग पांच हजार की आबादी आवागमन करती है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क बनने के बाद से आज तक इस पर डामरीकरण नहीं हुआ। बरसात के दौरान जगह-जगह गड्ढे पड़ जाते हैं और रास्ता उखड़ने से लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। इस वर्ष आपदा के दौरान भी सड़क को नुकसान पहुंचा, लेकिन उसके बाद भी सुधारीकरण नहीं कराया गया।
शिकायतों और चुनाव बहिष्कार के बाद भी नहीं सुधरी सड़क
सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीण कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। नाराज ग्रामीण सड़क की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार तक कर चुके हैं। इसके बावजूद मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं हुआ और अब शादी के मौके पर यह बदहाली एक बार फिर सामने आ गई है।
जेई पर फोन न उठाने का आरोप, जेसीबी की मांग भी अनसुनी
गोविंद जोशी का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर विभाग को सूचना दी गई, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। उन्होंने विभाग के जेई पर फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि विभाग की ओर से जेसीबी भेज दी जाती तो सड़क का सुधार हो सकता था और बेटी की शादी की तैयारियों के बीच उन्हें पूरे दिन फावड़ा-बेलचा लेकर सड़क पर मेहनत नहीं करनी पड़ती।
