सतपुली (पौड़ी)।
प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चैबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर क्षेत्र में उच्च शिक्षा की मजबूत नींव रखी गई।उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह महज एक भवन का उद्घाटन नहीं है, बल्कि सतपुली-खैरासैंण क्षेत्र के युवाओं के भविष्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत है।

उन्होंने बताया कि पहाड़ के इस दूरस्थ इलाके में पहले छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता था। सर्दी की कड़ी ठंड, बरसात में खराब रास्ते और लंबी दूरी बेटियों की पढ़ाई में बड़ी बाधा बनती थी। अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह महाविद्यालय तैयार हो जाने से स्थानीय छात्र-छात्राएं अपने गांव में ही रहकर स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक बनने के अपने सपनों को पूरा कर सकेंगे।सतपाल महाराज ने कहा कि अत्याधुनिक कक्षाएं, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं अब इस महाविद्यालय में उपलब्ध होंगी।

उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। महाराज ने अध्यापकों और छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि इस नए भवन से ज्ञान की ज्योति पूरे क्षेत्र में फैलाएं और यहां से निकलने वाला हर छात्र-छात्रा न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे गढ़वाल और उत्तराखंड का नाम रोशन करे।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव बृजमोहन, उच्च शिक्षा निदेशक बी.आर. खाली, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संजय, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, सर्वेंद्र सिंह, भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री पंकज डोबरियाल, गणेश रावत, अंकित ठाकुर, सुरेंद्र बिष्ट सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
