देहरादून। उत्तराखंड में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ सकती है। केंद्र सरकार ने लोकसभा में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। यह व्यवस्था लागू होने पर उत्तराखंड की लोकसभा सीटें पांच से बढ़कर आठ हो सकती हैं, यानी राज्य को तीन अतिरिक्त सीटें मिलने की संभावना है।

30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा विधेयक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की करीब एक घंटे चली बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि 30 नवंबर को लोकसभा में यह महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष से इस पर होने वाली बहस में हिस्सा लेने की अपील की।
कांग्रेस ने सांसदों को जारी किया व्हिप कांग्रेस का आरोप है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पास कराने के लिए बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में कांग्रेस के संसदीय रणनीति समूह की बैठक निर्धारित है, जबकि शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेता भी बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।
गणेश गोदियाल बोले- संसद सर्वोच्च, लेकिन राज्य की परिस्थितियां भी जरूरी प्रस्ताव पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सीटों में बढ़ोतरी का फैसला लेते समय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और संसाधनों को ध्यान में रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की स्थिति अन्य राज्यों से अलग है, इसलिए सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर राज्य के नजरिए से भी विचार किया जाना चाहिए। गोदियाल ने कहा कि संसद सर्वोच्च है और यदि संसद कोई प्रस्ताव पारित करती है तो सभी को उसे स्वीकार करना होगा, हालांकि राज्य की परिस्थितियों और जरूरतों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
महिला आरक्षण से जुड़े संभावित बदलावों पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तराखंड की पांच लोकसभा सीटों पर भी महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है और इसके लिए सीटों की संख्या बढ़ाना अनिवार्य नहीं है।
