Srinagar me Safai Karmchari Aayog ki samiksha

श्रीनगर में सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और वेतन पर फोकस के दिए निर्देश।

श्रीनगर। सफाई कर्मचारियों के हितों और उनकी सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के मद्देनजर उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना बुधवार को श्रीनगर पहुंचे। यहां नगर निगम सभागार में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे समाज की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शुमार है।

skynet school banner

बैठक के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के प्रत्येक पात्र सफाई कर्मी तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से उन संविदा सफाई कर्मियों का मुद्दा उठाया जो लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे कर्मियों के नियमितीकरण को लेकर जारी शासनादेशों के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी और अर्धसरकारी संस्थानों में काम कर रहे सफाई कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुसार वेतन, सुरक्षा उपकरण और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के भी आदेश दिए गए।

सफाई कर्मियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य मंत्री ने समाज कल्याण विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने विभाग को निर्देश दिया कि विशेष शिविर आयोजित कर सफाई कर्मियों को ऋण, पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जाए। इसके अलावा शहर के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्होंने महर्षि वाल्मीकि चौक के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। भगवान वाल्मीकि मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई।

राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के सम्मान, उनकी सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपस में समन्वय बनाकर एक संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ काम करना होगा।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी और सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने राज्य मंत्री के निर्देशों पर अमल करने का आश्वासन दिया।

More From Author

Srinagar Nagar Nigam bana pradesh ke liye aadarsh model

देहरादून में निगमों की समीक्षा: 18 हजार टन कूड़े से बना ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’, श्रीनगर नगर निगम बना प्रदेश के लिए आदर्श मॉडल।