ग्राम सरना क्षेत्र में आगामी 15 से 23 जून तक धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का महापर्व मनाया जाएगा। ग्राम सभा पट्टी चलनासूं में प्रख्यात और परम श्रद्धेय कथावाचक आचार्य पंडित प्रमोद चामोली जी के सान्निध्य में श्रीमद् देवीभागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस महायज्ञ के दौरान पूरा क्षेत्र ‘जय मां भगवती गौरा देवी’ के मधुर जयकारों से गूंज उठेगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ समाजसेवी गब्बर सिंह भंडारी ने बताया कि 15 जून को प्रातः 9 बजे से कलश यात्रा के साथ शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन मात्र एक पूजा-पाठ नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बनने वाला है। कथा के माध्यम से मां भगवती गौरा देवी, मां दुर्गा, महागौरी, महालक्ष्मी तथा अन्य देवी स्वरूपों की अपार महिमा का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कथा में भक्ति, ज्ञान और कर्म के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा, जो श्रद्धालुओं के जीवन में नई दिशा और ऊर्जा का संचार करेगा।
कथा का शुभारंभ 15 जून, सोमवार को प्रातः नौ बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगा तथा 23 जून, मंगलवार को कथा की पूर्णाहुति होगी। आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातः सात बजे से दस बजे तक एवं सायंकाल दो बजे से छह बजे तक कथा का सिलसिला जारी रहेगा। 23 जून को कथा की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं, जिसके तहत प्रातः दस बजे से विशेष प्रवचन, दोपहर 12:30 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति और दोपहर एक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन में जयकारों के साथ निरंतर भजन-कीर्तन, हवन, यज्ञ और प्रसाद वितरण का भी कार्यक्रम रहेगा। आयोजक समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं और बच्चों को परिवार सहित इस पावन पर्व में शामिल होने का हार्दिक आमंत्रण दिया है। समिति का मानना है कि मां भगवती की असीम कृपा से यह आयोजन सांस्कृतिक और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बनेगा। स्थानीय स्तर पर भक्तों में इस कथा को लेकर पहले से ही भारी उत्साह देखा जा रहा है और भक्तिमय माहौल में पूरा इलाका मां दुर्गा के स्वरूप में रंगने के लिए तैयार है।
