Nagar Nigam Ne Shuru Ki Blade Bin Ki Muhim

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी, नगर निगम ने शुरू की ब्लेड बिन की मुहिम

श्रीनगर गढ़वाल।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत नगर निगम श्रीनगर ने शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल शुरू की है। महापौर आरती भंडारी ने निगम क्षेत्र के नाई (बार्बर) एसोसिएशन के साथ बैठक कर दुकानों से निकलने वाली उपयोग की गई ब्लेड के सुरक्षित संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था शुरू कर दी।

skynet school banner

नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी बार्बरों को विशेष “ब्लेड बिन” वितरित किए गए। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि यूज्ड ब्लेड सामान्य कूड़े में जाने से गंभीर खतरे पैदा होते हैं। इससे स्वच्छता कर्मियों के हाथ कटने की घटनाएं होती हैं, जानवरों को नुकसान पहुंचता है और जल स्रोतों तक पहुंचने पर प्रदूषण व बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि नगर निगम प्रत्येक माह के अंतिम दिन इन ब्लेड बिनों से उपयोग की गई ब्लेड एकत्रित करेगा और उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के तहत ब्लेड को हैजार्डस वेस्ट की श्रेणी में रखा गया है, इसलिए इसका सुरक्षित प्रबंधन बेहद जरूरी है।

बैठक में बार्बरों को यह भी निर्देशित किया गया कि कटे हुए बालों को इधर-उधर फेंकने के बजाय निगम के कूड़ा वाहन में ही डालें, क्योंकि शहर की अधिकांश नालियां बालों के कारण जाम हो जाती हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। नगर निगम की यह पहल न केवल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, निगम की सम्मानित पार्षद गुड्डी गैरोला, दीपक कुमार, दिनेश पटवाल, प्रवेश चमोली, हिमांशु बहुगुणा, सुरेंद्र कुमार, विजय चमोली, उज्ज्वल अग्रवाल, सुमित बिष्ट, शुभम प्रभाकर एवं श्रीनगर के समस्त बार्बर उपस्थित रहे।

More From Author

Chori Peedit Mahila Ko Dilaya Nyay Ka Bharosa

मेयर आरती भंडारी खुद कोतवाली पहुंचीं, चोरी पीड़ित महिला को दिलाया न्याय का भरोसा