पौड़ी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल संपादन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अभियान की प्रगति की समीक्षा करना तथा इसे समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराने की दिशा में आवश्यक समन्वय स्थापित करना रहा।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान के सफल संचालन में सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है, और इसी उद्देश्य की पूर्ति में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
बैठक के दौरान बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमानुसार आगामी 08 जून, 2026 से जनपद में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही मतदाताओं से प्राप्त भरे हुए गणना प्रपत्रों का संग्रहण कर बीएलओ एप के माध्यम से उनका डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है, ताकि संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करते हुए उनके सुझावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में राजनीतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे पात्र मतदाताओं को जागरूक करने तथा गणना प्रपत्रों को निर्धारित समय पर भरवाने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण किया जाए तथा मतदाताओं को अभियान के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाएगा, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय स्वरूप प्रदान किया जा सके।
बैठक में उप निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान, बीईओ मास्टर आदर्श, एनआईसी के डीआईओ मयंक शर्मा, एडीआईओ हेमंत काला, राजेंद्र सिंह राणा, सुरेन्द्र सिंह रावत, भरत सिंह रावत, हरीश उनियाल एवं सूरज नेगी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
