श्रीनगर गढ़वाल। मानसून की पहली बारिश के साथ ही शहर में डेंगू, मलेरिया और अन्य जल जनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। इसी को देखते हुए नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल पूरी तरह से एहतियात बरतते हुए एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मेयर आरती भंडारी के सख्त निर्देशों के बाद निगम के पर्यावरण मित्रों द्वारा शहर की सड़कों पर व्यापक स्तर पर फॉगिंग, एंटी लार्वा तथा एंटी इंसेक्टिसाइड छिड़काव का अभियान चलाया जा रहा है।

सोमवार को शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाके गोला बाजार, सब्जी मंडी, अपर बाजार, गुरुद्वारा रोड और गणेश बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में सुबह से ही फॉगिंग मशीनों से उठते धुएं का गुबार देखा गया। दुकानदारों और राहगीरों के बीच निगम की टीम ने मच्छरों के लार्वा को खत्म करने के लिए कई संवेदनशील और अंधेरे कोनों को चिन्हित कर दवाई का छिड़काव किया। बाजारों और घनी आबादी वाले इन इलाकों में साफ-सफाई के साथ ही मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को नष्ट करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि मानसून के मौसम में मच्छर जनित और जल जनित रोग बहुत तेजी से फैलते हैं। इसी खतरे को भांपते हुए नगर निगम ने बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल फॉगिंग करना ही काफी नहीं है, बल्कि टीम द्वारा उन सभी स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है जहां बारिश का पानी जमा होने की संभावना अधिक रहती है। ऐसे जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कर मच्छरों को लार्वा अवस्था में ही खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
मेयर आरती भंडारी ने इस अभियान को लेकर कहा कि शहरवासियों का स्वास्थ्य निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डेंगू और मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारियों को रोकने के लिए नगर निगम हर जरूरी कदम उठा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह लड़ाई केवल निगम प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे शहर की है। यदि लोग अपने घरों, दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा नहीं होने देंगे और साफ-सफाई बनाए रखेंगे, तभी इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
उन्होंने आम नागरिकों से सीधी अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों में रखे कूलर, गमले, पुराने टायर, छतों और खाली बर्तनों में पानी बिल्कुल जमा न होने दें। ये छोटी-छोटी जगहें ही मच्छरों के पनपने के सबसे बड़ी वजह बन जाती हैं। नगर निगम की ओर से शहरवासियों को ‘स्वच्छता में ही सुरक्षा है’ का स्पष्ट संदेश दिया गया है। निगम प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य सभी वार्डों में भी इस फॉगिंग और छिड़काव अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा, ताकि मानसून के दौरान कोई भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी पैदा न हो।
