उत्तरकाशी।
चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने डामटा से जानकीचट्टी तक विभिन्न यात्रा पड़ावों पर पहुंचकर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बड़कोट-दोबाटा से जानकीचट्टी तक बने सुलभ शौचालयों की स्थिति देखी।

उन्होंने डामटा, बर्नीगाड, सारीगाड और रिखाऊ खड्ड सहित कई पड़ावों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था की जांच की। मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका अनुभव भी जाना। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सीडीओ जय भारत सिंह ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, संस्कृति और पर्यटन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों को किसी भी सुविधा के लिए परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिला पंचायत अधिकारी को शौचालयों की नियमित सफाई और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को वैकल्पिक जल व्यवस्थाओं को नियमित कनेक्शन में बदलने और पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने को कहा गया।

विद्युत विभाग को सभी यात्रा पड़ावों पर बिजली और प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने जानकीचट्टी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती यात्रियों व तीमारदारों का हालचाल जाना। यह निरीक्षण चारधाम यात्रा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि इस बार यात्रा पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुगम हो।
