देहरादून।
बागेश्वर जिले के इंटर कॉलेज गागरीगोल की 12वीं कक्षा की छात्रा ललिता पांडे को राज्यपाल गुरमीत सिंह ने ‘ऑपरेशन कल्कि’ अभियान के तहत पहला सम्मान प्रदान किया है। गुरुवार को राजभवन के एआई रूम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने ललिता को सर्वश्रेष्ठ एआई प्रोजेक्ट आइडिया के लिए सम्मानित किया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने ललिता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के दूरस्थ और दुर्गम सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जोड़ना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। तकनीकी विशेषज्ञ सिद्धार्थ माधव ने बताया कि इस पहल के तहत पूरे प्रदेश में 108 नवाचारी एप्लिकेशन विकसित किए गए हैं।

विभिन्न विद्यालयों से प्रतिभाशाली छात्रों का चयन कर उन्हें राजभवन में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनित छात्र विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में ऐप निर्माण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। सिद्धार्थ माधव ने छात्रों को एआई की उपयोगिता और भविष्य में इसके बढ़ते महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय तकनीक का है और वही आगे बढ़ेगा, जो नई तकनीकों को सीखने और अपनाने का साहस करेगा।कार्यक्रम में ललिता की इस उपलब्धि पर दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता, प्रबंधक दीपक पाठक, प्रधानाचार्य पंकज साह, पूर्व प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पंत और नंदन अलमिया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई दी।यह पहल राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
