पौड़ी। आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कंडोलिया से टेका मार्ग पर क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहाड़ी रास्तों पर आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और ओपन वर्ग में कुल 123 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

क्रॉस कंट्री दौड़ को आयु वर्ग के अनुसार तीन श्रेणियों में बांटा गया था। अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों के लिए दो किलोमीटर, अंडर-17 वर्ग के लिए तीन किलोमीटर और ओपन वर्ग के लिए पांच किलोमीटर की दूरी तय की गई थी। ऊबड़-खाबड़ और चढ़ाई वाले मार्ग पर युवा खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाई। इस दौरान खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को देखकर उपस्थित अधिकारी और स्थानीय लोग भी प्रभावित हुए।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं हैं, ये युवाओं के मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास विकसित करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लें। सीडीओ ने कहा कि जिले में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं और युवाओं को मेहनत व लगन से खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने बाजी मारी। अंडर-14 बालक वर्ग में अर्णव सिंह नेगी ने प्रथम, प्रियांशु गुसाईं ने द्वितीय और दक्ष बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग की बालिकाओं में विधि रावत प्रथम, सुहाना रावत द्वितीय और अनोखी बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में अर्जुन सिंह ने प्रथम, अर्जुन चौहान ने द्वितीय तथा अमन बिष्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में सिमरन बिष्ट प्रथम, खुशबू द्वितीय और महक तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं, ओपन बालक वर्ग में आयुष ने प्रथम, आदित्य नेगी ने द्वितीय तथा निशांत नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ओपन बालिका वर्ग में अनुष्का बिष्ट प्रथम, काजल कुकरेती द्वितीय और आकृति बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं। खेल विभाग की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता प्रतिभागियों को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, निर्णायक मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी व उनके अभिभावक उपस्थित रहे। खेल विभाग की इस पहल से जिले के युवाओं में खेल के प्रति एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
