श्रीनगर (गढ़वाल)।
उत्तराखंड के श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ रविवार को व्यापक अभियान चलाया गया। महापौर आरती भंडारी ने खुद नगर निगम की टीम के साथ शहर के मुख्य बाजारों का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित हो रही 20 से अधिक ठेलियों को जब्त किया गया।

सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और निर्धारित सीमा से अधिक अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार को चालानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे दुकान के बाहर केवल 2.5 फीट तक ही सामान रखें और किसी भी प्रकार का स्थायी निर्माण न करें। सब्जी विक्रेताओं को नालियों से 2.5 फीट की दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया।
कई स्थानों पर नियमों का पालन करते पाए गए व्यापारियों की सराहना भी की गई।नगर निगम टीम ने श्रीनगर बाजार के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। कई जगहों पर दुकानदारों द्वारा सड़क और नालियों तक सामान फैलाकर अतिक्रमण किया गया था, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सामान हटवाया गया और चेतावनी दी गई।

टीम ने टीजीएमओ बस अड्डे और अंग्रेजी शराब की दुकान के आसपास भी निरीक्षण किया, जहां गंदगी पाए जाने पर संबंधित संचालकों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए।अभियान के दौरान महापौर आरती भंडारी ने कुछ दुकानों के बाहर गंदगी देखी, जिस पर मौके पर ही सफाई करवाई गई और संबंधित व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर चालान किया जाएगा।
नगर निगम की टीम ने साफ संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों का सहयोग सराहनीय है, लेकिन उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान के बाहर केवल 2.5 फीट तक ही सामान रखा जाएगा, किसी भी प्रकार का स्थायी या पक्का निर्माण नहीं किया जाएगा और साफ-सफाई बनाए रखना अनिवार्य होगा।
सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी ने बताया कि यह अभियान एक दिन का नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। चारधाम यात्रा को देखते हुए शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और कार्रवाई की जाएगी। निगम का लक्ष्य है कि श्रीनगर आने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर और व्यवस्थित वातावरण मिले।
मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार ने बताया कि अभियान के दौरान जब्त की गई ठेलियों से मिले फल और सब्जियों को नष्ट करने के बजाय मानवीय पहल के तहत सीधे गौशाला भेज दिया गया। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि इन खाद्य सामग्रियों को गौवंशों को खिलाया जाएगा, जिससे एक ओर शहर में अतिक्रमण पर सख्ती हुई है वहीं दूसरी ओर गौसेवा का संदेश भी दिया गया है।
इस विशेष अभियान में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, गायत्री बिष्ट, कर अधीक्षक सुशील कुरील, अजहर अली, टैक्स इंस्पेक्टर नवीन कुमार, अखिलेश अवस्थी, मुकेश जोशी सहित नगर निगम के कई अधिकारी, कर्मचारी और पर्यावरण मित्र सक्रिय रूप से शामिल रहे।
