Srinagar me 12ve antarrashtriya yog divas par yoga ahbyas

श्रीनगर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग महोत्सव, महापौर आरती भंडारी ने दिया ‘करें योग-रहें निरोग’ का संदेश।

श्रीनगर (गढ़वाल)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामलीला मैदान श्रीकोट गंगानाली/श्रीनगर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। नगर निगम श्रीनगर एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ (Yoga for Healthy Ageing) और ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ (Yoga for One Earth, One Health) की थीम पर आधारित इस आयोजन ने शहर में स्वास्थ्य और जागरूकता का नया संदेश दिया।

skynet school banner

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक योग मंत्र ‘योग: कर्मसु कौशलम’ के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इसके बाद पतंजलि योगपीठ की बहनों ने मैदान में मौजूद जनमानस को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का गहन अभ्यास कराया। सुबह के समय प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ योग किया और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया।

महापौर आरती भंडारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन की दिशा दिखा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योग केवल शरीर को मोड़ने या खींचने का नाम नहीं है, बल्कि यह जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की एक कला है। नियमित योग अभ्यास से न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।

महापौर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस महज एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में चल रहा एक व्यापक जनआंदोलन है। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने पतंजलि योगपीठ के सभी सदस्यों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया और आमजन को ‘करें योग, रहें निरोग’ का मूलमंत्र दिया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी तक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, पार्षद गुड्डी गैरोला, अंजनी भंडारी, दिनेश पटवाल, रमेश रमोला, झाबर सिंह रावत, पंकज सती और सुमित बिष्ट कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा व्यापार सभा श्रीनगर के निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश असवाल, नवनिर्वाचित महासचिव छवि अग्रवाल, रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, अलकनंदा वैली रोटरी क्लब के अध्यक्ष एस.के. बिजल्वाण, महासचिव नवल किशोर जोशी, भागीरथी कला संगम के अध्यक्ष राजेंद्र बर्त्वाल, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी और शिक्षक संघ के पूर्व मंडलीय अध्यक्ष शिव सिंह नेगी भी मौजूद रहे। पूर्व सैनिकों, शिक्षक संगठन के सदस्यों तथा अन्य स्थानीय नागरिकों ने भी योग शिविर में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

More From Author

Srinagar Nagar Nigam me NAMASTE yojana ke tahat karyashala

श्रीनगर नगर निगम में ‘नमस्ते’ योजना के तहत सीवर सफाई कर्मियों के लिए विशेष कार्यशाला, महापौर आरती भंडारी ने कहा- पर्यावरण मित्र शहर की रीढ़।

Kandoliya Indoor Stadium me shuru hua badminton court

पौड़ी कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का विधिवत शुभारंभ, विधायक और डीएम ने कोर्ट पर खेलकर किया प्रोत्साहित।