श्रीनगर गढ़वाल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी घोषणा के अनुरूप श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की कवायद ने अब तेज पकड़ ली है। इसी कड़ी में नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की मेयर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री के सचिव शैलेश बगोली से शिष्टाचार भेंट कर इस प्रतिष्ठित परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने का अनुरोध किया है।

मेयर आरती भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते दिनों बैकुंठ चतुर्दशी मेले के उद्घाटन अवसर पर श्रीनगर को सोलर सिटी बनाने की ऐतिहासिक घोषणा की थी। इसी घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए नगर निगम स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिष्टाचार भेंट के दौरान सचिव शैलेश बगोली ने परियोजना की संवेदनशीलता को समझते हुए शहरी विकास विभाग एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को इसके क्रियान्वयन हेतु त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक स्तर पर मिले इस सकारात्मक रुख से नगरवासियों में नई उम्मीद जगी है कि जल्द ही श्रीनगर प्रदेश के अग्रणी सोलर शहरों में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा।
इस बड़ी परियोजना से पहले नगर निगम सभागार में भी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें श्रीनगर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में सोलर स्ट्रीट लाइट, सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने, साथ ही विद्यालयों एवं अस्पतालों में सौर ऊर्जा के उपयोग समेत कई तकनीकी बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया था।
सोलर सिटी परियोजना के लाभों को रेखांकित करते हुए मेयर आरती भंडारी ने कहा कि सोलर तकनीक के व्यापक उपयोग से जहां बिजली की भारी बचत होगी, वहीं कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करना एक मजबूत और निर्णायक कदम है।
मेयर ने स्पष्ट किया कि सोलर सिटी बनने से श्रीनगर न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक बचत और एक स्वच्छ भविष्य की दिशा में भी प्रदेश के लिए मिसाल कायम करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम, सभी संबंधित विभागों और जागरूक नागरिकों के सहयोग से इस लक्ष्य को शीघ्र साकार किया जाएगा। आने वाले समय में श्रीनगर प्रदेश के प्रमुख सोलर शहरों में शामिल होगा और अन्य नगरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
