Parshad aur Nigam Karmchari aamne saamne

श्रीनगर निगम कर्मियों और पार्षद संदीप रावत में ठनी, वार्ड 40 में ठप हो सकते हैं विकास कार्य।

पार्षद संदीप रावत के खिलाफ सड़क पर उतरा निगम का अमला, महापौर ने बैठाई जांच समिति

श्रीनगर (गढ़वाल)। नगर निगम श्रीनगर में वार्ड 40 के पार्षद संदीप रावत और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। शनिवार को निगम कर्मचारियों ने पार्षद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने साफ कह दिया है कि जब तक पार्षद सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, वे वार्ड 40 में किसी भी विकास कार्य में सहयोग नहीं करेंगे।

skynet school banner

निगम कर्मचारियों का आरोप है कि 25 मई को पार्षद ने जिलाधिकारी के जनता दरबार में निगम कर्मियों के खिलाफ बेबुनियाद शिकायतें कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया। निगम अफसरों और कर्मचारियों ने महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वे अवकाश के दिनों में भी जनहित में कार्य करते हैं, लेकिन आरटीआई और शिकायतों के नाम पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है।

विवाद बढ़ता देख महापौर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। घंटों चली वार्ता के बाद धरना स्थगित कर दिया गया, लेकिन कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े रहे। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए महापौर ने वरिष्ठ पार्षद शंकर मणि मिश्रा, दिनेश पटवाल, प्रवेश चमोली, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी और गायत्री बिष्ट की पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि पार्षद संदीप रावत शुरुआत से ही निगम के कामकाज में पारदर्शिता और सुधार को लेकर अपनी बात रखते रहे हैं। वे इससे पूर्व भी निगम में कामों के बंटवारे और छोटे ठेकेदारों की फाइलें लंबित रहने जैसे मुद्दों पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने अपने वार्ड में काम की गुणवत्ता की जांच पर भी आपत्ति जताई थी। मौजूदा स्थिति और निगम कर्मियों की ओर से कही गई बातों पर पार्षद रावत का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। जैसे ही उनसे संपर्क हो पाएगा, उनके विचारों को भी समाचार में प्रमुखता से शामिल कर लिया जाएगा।

उधर निगम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पार्षद ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी, तो भविष्य में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वार्ड 40 के सभी प्रस्तावित और चल रहे कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा, जिसका सीधा असर आम जनता और शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर पड़ेगा। धरने में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

More From Author

Srinagar Garhwal Ko Solar City Banane Ki Kavayad Tez

श्रीनगर गढ़वाल को सोलर सिटी बनाने की कवायद तेज, मेयर आरती भंडारी ने सीएम सचिव से की मुलाकात।

Uma Bharti Aur Acharya Balkrishna Ne Ganga Aarti Ki

अलकनंदा-भागीरथी के संगम पर 108 बार विष्णुसहस्त्रनाम पाठ, उमा भारती और आचार्य बालकृष्ण ने की गंगा आरती