देहरादून।
आईटी पार्क में कार्यरत एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ देर रात लूटपाट और जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपी युवक को स्कूटर पर जबरन बैठाकर ले गए और पुल पर मारपीट के बाद नीचे धकेलने का प्रयास किया। युवक किसी तरह बच गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना 6 मई की देर रात करीब 2:15 बजे सहस्त्रधारा क्रॉसिंग की है।
कांवली रोड, शिवाजी मार्ग निवासी विनोद कुमार के पुत्र आकाश कुमार रात की शिफ्ट खत्म कर घर लौट रहे थे। इस दौरान दो अज्ञात लोगों ने स्कूटर पर सवार होकर उन्हें जबरन अपने साथ बैठाया और प्रेमनगर क्षेत्र के जमुना वाले पुल पर ले गए। वहां उन लोगों ने आकाश की पिटाई की, मोबाइल और नकदी लूट ली तथा उसे पुल से नीचे धकेलने और पत्थरों से कुचलने का प्रयास किया।आकाश ने पुल के पिलर के पास छिपकर अपनी जान बचाई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

शनिवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि उनकी L-2 (रीढ़ की हड्डी) और राइट पेल्विक बोन में गंभीर फ्रैक्चर है तथा स्पाइनल कॉर्ड भी प्रभावित हुई है। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने कम से कम डेढ़ महीने का बेड रेस्ट सुझाया है।प्रेमनगर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने अस्पताल पहुंचकर आकाश का बयान दर्ज किया। पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर सहस्त्रधारा रोड से प्रेमनगर तक के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।परिजनों ने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की अपील की है।
