श्रीनगर।
बेस अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा तथा अस्पताल के शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखने के लिए पूर्व सैनिक पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी दे रहे हैं। सीमाओं पर देश की सेवा का लंबा अनुभव रखने वाले ये पूर्व सैनिक अब स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है और वॉकी-टॉकी के माध्यम से सुरक्षा कर्मी तुरंत सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा वातावरण शांत एवं अनुशासित बना रहे। इसी क्रम में विगत रात्रि सर्जरी वार्ड में एक मरीज के साथ आए दो तीमारदार शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और वार्ड में शोर-शराबा करने लगे। उनके इस व्यवहार से अन्य मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होने लगी।स्थिति को भांपते ही ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की।
उन्होंने दोनों व्यक्तियों को रोका और पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान एक व्यक्ति की जेब से शराब का पव्वा भी बरामद हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती बरतते हुए दोनों शराबियों को अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया। उनकी तत्परता के कारण अस्पताल में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और वार्ड का माहौल शीघ्र ही सामान्य हो गया।बेस अस्पताल के सुरक्षा निरीक्षक वीरेंद्र कुंवर एवं राजेंद्र प्रसाद भट्ट ने बताया कि अस्पताल परिसर में अनुशासन भंग करने वालों पर सतर्क नजर रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीज के साथ आए दोनों व्यक्तियों को शराब के नशे में पाए जाने पर सुरक्षा कर्मी पूर्व सैनिक विशाल सिंह और युद्धवीर सिंह ने तत्काल उन्हें बाहर किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल परिसर में शराब पीकर आने या माहौल खराब करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों को नियमित रूप से परिसर में गश्त लगाने और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी कैमरा इंचार्ज शिव दर्शन नेगी भी लगातार कैमरों के माध्यम से निगरानी बनाए हुए हैं।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डॉ. सयाना ने सभी लोगों से अपील की कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अनुशासन और मर्यादा का पालन करना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। पूर्व सैनिकों की सक्रियता और सतर्कता के कारण अस्पताल परिसर में सकारात्मक माहौल बना हुआ है तथा मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो रहा है।
