रुद्रप्रयाग।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत फायर सर्विस रुद्रप्रयाग ने माधवाश्रम राजकीय जिला चिकित्सालय, कोटेश्वर में वृहद अग्नि सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चल रहे अखिल भारतीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह के क्रम में फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग की टीम ने यह कार्यक्रम आयोजित किया।

फायर टीम ने अस्पताल कर्मचारियों के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल का अभ्यास किया। इस दौरान अस्पताल में लगे हाइड्रेंट सिस्टम, अलार्म सिस्टम और अन्य प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का परीक्षण कर उनके संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। आपातकालीन स्थिति में मरीजों की सुरक्षित निकासी की प्रक्रियाओं का भी विस्तृत अभ्यास कराया गया।मॉक ड्रिल के बाद फायर टीम ने माधवाश्रम राजकीय जिला चिकित्सालय, कोटेश्वर और जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का गहन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाई गई तकनीकी कमियों को तुरंत दूर करने के लिए अस्पताल प्रबंधन को कड़े निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में अग्नि एवं जीव सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र द्विवेदी, डॉ. मोनिका राणा, चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक तथा समस्त स्टाफ सहित फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग की पूरी टीम उपस्थित रही।यह कार्यक्रम अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा स्टाफ को तैयार रखने की दिशा में उपयोगी साबित हुआ।
