रामनगर। निषाद पार्टी ने रामनगर में अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए युवा नेतृत्व को कमान सौंपी है। रामनगर मंडी परिसर में आयोजित पार्टी की सहयोगी संगठनात्मक बैठक में दो महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई। बैठक में शुभम कश्यप को रामनगर विधानसभा अध्यक्ष और अर्जुन कश्यप को नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

निषाद पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चैतन्य यादव की अगुवाई में हुई इस बैठक में संगठन को विस्तार देने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिरकत की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष जयविन्दर सिंह तुरैहा, प्रदेश सचिव नारायण सिंह और प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर प्रशांत कश्यप विशेष रूप से मौजूद रहे।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चैतन्य यादव ने कहा कि युवा नेतृत्व पार्टी को नई ऊर्जा देगा। उनका मानना है कि युवाओं की सक्रियता से संगठन जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने दोनों नेताओं को पार्टी के विस्तार के लिए पूरी ताकत झोंकने की बात कही।
इस बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी और पार्टी नेता बृजपाल कश्यप भी मौजूद रहे। उनके अलावा कश्यप समाज के चौधरी अध्यक्ष चंद्रसेन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। बैठक के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन हित में पूरी निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।
