श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की ओर से सोमवार को निगम सभागार में एक दिवसीय लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। सभागार में सुबह से ही रेहड़ी, ठेली और फड़ लगाने वाले व्यवसायियों के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आवाजाही बनी रही। मेले का मुख्य उद्देश्य इन छोटे कारोबारियों और समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय सहायता तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए महापौर आरती भंडारी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स एवं स्वयं सहायता समूहों को 15 हजार, 25 हजार तथा 50 हजार रुपये तक का ऋण बेहद कम ब्याज दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। महापौर ने यह भी बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग कर उन्हें आठ केंद्रीय सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि एक ही व्यक्ति को कई स्तरों पर लाभ मिल सके।
महापौर ने आगे बताया कि नगर निगम श्रीनगर की ओर से अब तक 240 स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे कई परिवारों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है। उनके अनुसार यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि योजना धरातल पर छोटे कारोबारियों तक पहुंच रही है।
कार्यशाला के दौरान सिटी मिशन मैनेजर जगदीश (गिरीश) रतूड़ी ने योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया, ब्याज अनुदान, डिजिटल लेनदेन के प्रोत्साहन तथा समय पर ऋण पुनर्भुगतान से मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों के नए ऋण आवेदन भी भरवाए गए और बैंकिंग प्रक्रियाओं के संबंध में उपस्थित लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट तथा मुख्य स्वास्थ्य/सफाई निरीक्षक शशि पंवार सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
