पिथौरागढ़। जनपद के सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जोहार क्लब मैदान में 71वें खेलोत्सव का भव्य आगाज हो गया है। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुए उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी और ब्लॉक प्रमुख डॉ. कविता महर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खेलोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने खेलों के सुचारू संचालन के लिए अपनी विधानसभा निधि से दो लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह का संचार हुआ।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक हरीश धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उन्हें तराशने के लिए बेहतर मंच व सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख डॉ. कविता महर से अनुरोध किया कि जोहार क्लब मैदान के सुंदरीकरण और इंडोर गेम्स की स्थायी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना (BADP) के तहत विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को प्रेषित करें, ताकि भविष्य में यहां बेहतर स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें।
खेलोत्सव के तहत इस बार फुटबॉल, वॉलीबॉल, कैरम, बैडमिंटन और शतरंज (चेस) सहित विभिन्न इंडोर और आउटडोर खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इससे ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत मुनस्यारी पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने समां बांध दिया। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों ने स्वागत गीत और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर जोहार क्लब के अध्यक्ष केदार मर्तोलिया, सचिव गौरव पांगती, कोषाध्यक्ष रवि बृजवाल और मल्ला जोहार विकास समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मशक्तू सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन लक्ष्मण सिंह पांगती ने किया। आयोजन समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में विभिन्न खेलों के मुकाबले होंगे, जिसमें आसपास के गांवों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
