लोहाघाट। जूनियर हाई स्कूल के शिक्षकों का धैर्य अब जवाब दे चुका है। लंबित 13 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर शिक्षकों ने आंदोलन की राह पकड़ ली है। प्रदेशव्यापी आंदोलन के अंतिम चरण के तहत चंपावत जिले से शिक्षक प्रतिनिधियों का एक दल रविवार को देहरादून के लिए रवाना हुआ। यह दल अब राजधानी में सरकार पर दबाव बनाएगा ताकि शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो सके।

जूनियर हाई स्कूल शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष रमेश देव के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल देहरादून रवाना हुआ। रमेश देव ने बताया कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शासन और विभागीय अधिकारियों के समक्ष कई बार आवाज उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात की, ज्ञापन सौंपे, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। जब बात नहीं बनी तो प्रदेशभर के शिक्षकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
संगठन की 13 सूत्रीय मांगों में कई ऐसे मुद्दे शामिल हैं जो लंबे समय से शिक्षकों के हितों को प्रभावित कर रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख मांग सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद लागू हुई टीईटी अनिवार्यता से राहत की है। शिक्षकों का कहना है कि इससे कई अनुभवी शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी बड़ी मांग पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर है। शिक्षक चाहते हैं कि उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिले। इसके अलावा त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था को लागू करने और 17140 वेतनमान से संबंधित वसूली पर रोक लगाने की भी मांग की जा रही है।
प्राथमिक संवर्ग के शिक्षकों को सेवाकाल में तीन पदोन्नति देने की मांग भी जोर पकड़े हुए है। इसके साथ ही चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में अतिरिक्त वेतनवृद्धि की मांग भी शामिल है। शिक्षकों का कहना है कि गोल्डन कार्ड योजना के तहत ओपीडी सहित निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। अंतर्जनपदीय स्थानांतरण व्यवस्था लागू करने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है लेकिन इस पर भी कोई पहल नहीं हुई है।
प्रदेश के सभी जूनियर हाई स्कूलों में प्रधानाध्यापक व अंग्रेजी विषय अध्यापक समेत आवश्यक पदों की व्यवस्था करने की मांग भी शिक्षकों ने की है। रमेश देव ने बताया कि जब तक सरकार इन मांगों पर ठोस पहल नहीं करती, तब तक शिक्षकों का आंदोलन जारी रहेगा। देहरादून में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मुलाकात करेगा और अपनी मांगों को दोहराएगा। शिक्षकों का कहना है कि उनकी मांगें जायज हैं और सरकार को इन पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
