Dhari Devi aur Goa Beach par police ka sakht pehra

धारी देवी और गोवा बीच पर पुलिस का सख्त पहरा, सेल्फी के चक्कर में नदी में कूदने वालों पर होगी चालानी कार्यवाही।

श्रीनगर (गढ़वाल)। चारधाम यात्रा इन दिनों अपने चरम पर है और श्रीनगर क्षेत्र से होकर लाखों श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है। इस भीड़ के बीच पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने फर्ज को निभा रहे हैं। प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच धारी देवी के समीप स्थित गोवा बीच भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां पुलिस को दर्शन व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हर चुनौती का सामना करते हुए पूरी तत्परता से डटे रहना पड़ रहा है।

skynet school banner

गोवा बीच पर प्रतिदिन चारधाम यात्रा पर निकले पर्यटक और श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। रोमांच, नहाने, सेल्फी लेने या बेहतर फोटो क्लिक करने की चाह में कई लोग नदी के अंदर तक चले जाते हैं या पानी के किनारे बनी खतरनाक जगहों पर खड़े होकर वीडियो बनाते हैं। दरअसल, नदी का बहाव ऊपर से जितना सामान्य दिखाई देता है, उसके भीतर पानी का वेग उतना ही तेज होता है। जलस्तर में अचानक होने वाली वृद्धि, किनारे के फिसलन भरे पत्थर और तेज धाराएं किसी भी व्यक्ति को चंद सेकंडों में अपनी चपेट में लेने के लिए काफी हैं।

इसी खतरे को भांपते हुए पुलिस प्रशासन ने गोवा बीच पर जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। कलियासौड़ चौकी प्रभारी श्री विजय सैलानी और उनकी पुलिस टीम यहां लगातार सक्रिय है। पुलिस बल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को संभावित खतरों के प्रति जागरूक कर रहा है और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। प्रतिबंधित और खतरनाक स्थानों पर जाने, नदी में प्रवेश करने या पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जाएगी।

चाहे मां धारी देवी मंदिर में भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी हो, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना हो या फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और मार्गदर्शन का काम, पुलिस के जवान हर मोर्चे पर धैर्य, सतर्कता और सेवा भाव के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जवानों की अथक मेहनत, संवेदनशील कार्यशैली और निरंतर सजगता के कारण ही श्रद्धालुओं को इस व्यस्त यात्रा के दौरान सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो रहा है।

More From Author

Champawat se Dehradun ke liye rawana hue shikshak

चंपावत से देहरादून के लिए रवाना हुए शिक्षक, 13 सूत्रीय मांगों को लेकर तेज किया आंदोलन।

CDO Ashok Joshi ke sakht nirdesh

सीडीओ अशोक जोशी के सख्त निर्देश, हर माह की 10 तारीख तक पोर्टल पर अपलोड करें डेटा।