Ghinghran Marg Par Khai Me Giri Car, Chattan Par Atakne Se Bachi Parivar Ki Jaan

चमोली: घिंघराण मार्ग पर खाई में गिरी कार, चट्टान पर अटकने से बची परिवार की जान; अग्निशमन टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

चमोली।

चमोली जिले के गोपेश्वर क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। घिंघराण मार्ग पर ब्रह्मसैंण के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि वाहन नीचे गिरने के दौरान एक बड़े चट्टानी पत्थर पर अटक गया, जिससे कार में सवार पूरे परिवार की जान बच गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया।

skynet school banner


प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपेश्वर के रौली ग्वाड़ निवासी मृदुल शाह (48) अपनी बलेनो कार (संख्या यूके 07 एचएम 1974) से परिवार के साथ बागेश्वर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन ब्रह्मसैंण के पास पहुंचा, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क किनारे से फिसलते हुए सीधे खाई की ओर लुढ़क गई। खाई में गिरते समय कार एक बड़े पत्थर पर बुरी तरह फंस गई। यदि वाहन यह पत्थर पार कर और नीचे गहरी खाई में गिर जाता, तो निश्चित रूप से एक बड़ी जनहानि होती।

कार में मृदुल शाह के अलावा उनकी पत्नी जिया शाह (42), पांच वर्षीय पुत्री हिताची शाह और तीन वर्षीय पुत्र लावण्य शाह सवार थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों की नजर खाई में फंसी कार पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर स्टेशन को दी। राहत की बात यह रही कि पत्थर पर अटकने के कारण वाहन पूरी तरह से पलटने या खाई की गहराई में जाने से बच गया, जिससे परिवार के किसी भी सदस्य को गंभीर चोटें नहीं आईं और सभी सुरक्षित रहे।

घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम तुरंत रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर रवाना हुई। बचाव कार्य में लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा के नेतृत्व में फायरमैन पवन सिंह, यशवंत सिंह और अंकित सिंह ने खाई में उतरकर जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रस्सियों की सहायता से कार के दरवाजे खोले और सभी चारों सदस्यों को एक-एक करके सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया। अग्निशमन कर्मियों की इस त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

More From Author

Bharat-Tibet Seema Par Daude Dhavak

नीति घाटी में ‘एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026’ का शुभारंभ: भारत-तिब्बत सीमा पर दौड़े धावक