रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में भगवान वाल्मीकि मंदिर के मुख्य द्वार पर बकरे के अवशेष फेंकने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने एक कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार किया है। बकरीद के दिन हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह पूरी घटना रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के भूतबंगला इलाके की है। 29 मई को बकरीद के दिन दोपहर करीब एक बजे आरोपित अजीम ने अपने घर के सामने बकरे की कुर्बानी दी। इसके बाद उसने कटने के बाद बचे अवशेष और गंदगी को पास ही स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के मुख्य गेट पर फेंक दिया। मंदिर परिसर और मुख्य द्वार पर मांस और अवशेष पड़े देख वाल्मीकि समाज और मोहल्ले के लोगों ने इस कृत्य का कड़ा विरोध जताया।
विरोध करने पर आरोपित अजीम उग्र हो गया और उसने स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि अजीम ने खुद को उत्तराखंड पुलिस का कर्मचारी बताते हुए उन्हें डराने और धमकाने का प्रयास किया। उसने कथित तौर पर यह कहते हुए जान से मारने की धमकी दी कि पुलिस में होने के कारण उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित विजेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी (CO) रुद्रपुर विभव सैनी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में राजू वाल्मीकि, विजय वाल्मीकि, किशन शर्मा, रंजीत, वंश और मुनीष सहित कई मोहल्ले के लोगों को गवाह बनाया है।
सीओ विभव सैनी ने स्पष्ट किया कि आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।
उत्तराखंड में बकरीद के दिन ऐसी ही कुछ अन्य आपराधिक घटनाएं भी प्रकाश में आई हैं। हरिद्वार में तीन अलग-अलग स्थानों पर गौकशी के मामले सामने आए हैं, जिनमें से दो घटनाएं रुड़की क्षेत्र की हैं। पिरान कलियर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को गौमांस और गौकशी में प्रयुक्त होने वाले हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य घटना में हाईवे पर कटा हुआ सिर पड़ा मिला था। पुलिस इन सभी मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ अभियोग चला रही है।
