श्रीनगर गढ़वाल ।
श्रीनगर गढ़वाल में अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के कारण बढ़ रही ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। निगम कार्यालय में महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में मोटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में यात्रा काल के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस निर्णय लिए गए। बैठक में यह तय किया गया कि यात्रा सीजन के दौरान टैक्सी एसोसिएशन श्रीनगर के सभी वाहन अस्थायी रूप से श्रीनगर थाने के पीछे वाली सड़क पर पार्क किए जाएंगे, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल राहगीरों को राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुरक्षित व सुगम बन सकेगा।

इसके अतिरिक्त अलकनंदा कमांडर यूनियन समिति के लिए भी नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत एक समय में केवल पांच वाहन ही खड़े रहेंगे, जबकि अन्य वाहनों का संचालन रोटेशन प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करना और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह नई पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या में कमी आएगी और आम नागरिकों व यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं, ताकि भविष्य में ट्रैफिक प्रबंधन और बेहतर किया जा सके।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, प्रभारी निरीक्षक यातायात नीरज शर्मा, टैक्सी एसोसिएशन अध्यक्ष महावीर बहुगुणा, सचिव बद्री बंगारी, शौर्य खंडूरी, अलकनंदा कमांडर यूनियन समिति के सहसचिव जगपाल सिंह रावत, जय बद्री केदार टाटा सूमो यूनियन के अध्यक्ष हरीश भट्ट तथा नगर निगम के पार्षद अंजना डोभाल, देवेंद्र मणि मिश्रा, प्रवेश चमोली, आशीष नेगी, धर्म सिंह रावत, सुमित बिष्ट, उज्ज्वल अग्रवाल, दीपक कुमार, विजय चमोली, नरेंद्र रावत और सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
