श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही स्थायी प्रेस क्लब भवन की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। इसी कड़ी में बुधवार को पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर आरती भंडारी से शिष्टाचार भेंट कर भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारत श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौड़ एवं प्रेस क्लब श्रीनगर गढ़वाल के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण उनियाल ने किया।

महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों ने अपनी व्यावसायिक चुनौतियों और आवश्यकताओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक की जनसमस्याओं को अपनी लेखनी के माध्यम से प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होती है। इसके बावजूद, श्रीनगर के पत्रकारों के पास आज तक कोई स्थायी प्रेस क्लब भवन नहीं है, जहां बैठकर वे अपने व्यावसायिक कार्यों का समन्वय कर सकें। ज्ञापन के माध्यम से प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए लगभग दो नाली (करीब 400 वर्गमीटर) भूमि उपलब्ध कराने का औपचारिक अनुरोध किया गया है।
मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए महापौर आरती भंडारी ने कहा कि,
“पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। श्रीनगर के पत्रकारों को अपना प्रेस क्लब भवन मिले, इसके लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा। निगम स्तर पर भूमि की उपलब्धता का परीक्षण कराया जाएगा और यदि आवश्यकता हुई तो जिला प्रशासन से भी समन्वय स्थापित कर इस दिशा में सकारात्मक पहल की जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि पत्रकारों को शीघ्र स्थायी प्रेस क्लब भवन की सौगात मिल सके।”
पत्रकारों की इस जायज मांग को महापौर आरती भंडारी ने अत्यंत गंभीरता से लिया और त्वरित एवं सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि नगर निगम स्तर पर भूमि की उपलब्धता का प्राथमिकता से परीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि यदि निगम के पास उपयुक्त भूमि नहीं मिलती है, तो जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों से वार्ता कर प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
