श्रीनगर गढ़वाल।
श्रीनगर गढ़वाल में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में आज 29 अप्रैल 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर, श्रीकोट गंगनाली श्रीनगर के सभागार में एंटी ड्रग दिवस और पृथ्वी दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सुबह 9:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, पर्यावरण संरक्षण, संवैधानिक अधिकारों और विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कुमारी अलका ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एंटी ड्रग दिवस समाज को नशे जैसी बुराई से मुक्त करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा समाज की गंभीर समस्याओं में शामिल हो चुका है और युवाओं में इसकी बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है और नशे से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता तथा दृढ़ संकल्प है।

उन्होंने आगे कहा कि यदि छात्र-छात्राएं लगन और ईमानदारी से शिक्षा ग्रहण करेंगे तो जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। साथ ही पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि आज पृथ्वी की रक्षा नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन कठिन हो जाएगा। इसलिए सभी को मिलकर पृथ्वी को हरा-भरा, स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की कानूनी जानकारी देना रहा, ताकि वे जागरूक नागरिक बनकर अपने अधिकारों की रक्षा स्वयं कर सकें।
इस अवसर पर पीएलवी सदस्य मानव बिष्ट, पूनम हटवाल, प्रीति बिष्ट, प्रकाश नेगी और प्रियंका रॉय ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला अधिकार, बाल संरक्षण कानून, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण और लोक अदालत की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
यह शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, कानूनी जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरणा जगाने वाला रहा। कार्यक्रम में संरक्षक अनूप श्री पांथरी, अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी, पूर्व सह सचिव प्रदीप मैठाणी, कोषाध्यक्ष सुबोध भट्ट, प्रधानाचार्य डॉ. भीम राज बिष्ट तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
