Seva Pakhwade ko lekar BJP Vidhi Prakooshth Pauri Garhwal ki ahem baithak

सेवा पखवाड़े को लेकर भाजपा विधि प्रकोष्ठ पौड़ी गढ़वाल की अहम बैठक, सेवा समर्पण के संकल्प के साथ तैयार हुई कार्ययोजना।

श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, जिला पौड़ी गढ़वाल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने की, जबकि संचालन सह-संयोजक विकास पंत द्वारा किया गया। बैठक में ‘सेवा ही संगठन’ और ‘सेवा समर्पण’ के मूलमंत्र को धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

skynet school banner

बैठक में बतौर विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज का प्रबुद्ध वर्ग है और सामाजिक उत्थान में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता है। सेवा पखवाड़े के माध्यम से अधिवक्ताओं को समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक पहुंचकर उनकी हरसंभव सहायता करनी चाहिए।

जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिन से शुरू हुआ यह सेवा पखवाड़ा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को पहुंचाने का एक पुनीत माध्यम है।

सह-संयोजक विकास पंत ने कार्यक्रमों की रूपरेखा रखते हुए बताया कि इस पखवाड़े के दौरान जनपद के प्रत्येक क्षेत्र, ब्लॉक और गांव-गांव तक केंद्र व राज्य सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करेंगे कि पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों को इन योजनाओं की पूरी जानकारी मिले और वे इनसे जुड़कर सीधा लाभ प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही आगामी 2 अक्टूबर तक चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि विधि प्रकोष्ठ न्यायालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत श्रमदान करेगा, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ मुहिम के तहत जनपद भर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा तथा रक्तदान शिविरों में भी अधिवक्ताओं की ओर से बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं व पदाधिकारियों ने 2 अक्टूबर (गांधी व शास्त्री जयंती) तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़े को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अर्जुन सिंह भंडारी, जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी, सह-संयोजक विकास पंत के साथ-साथ बलवीर सिंह रौतेला, सुनीता भंडारी, कुलदीप दानू, नितेश भारती, सुरेंद्र सिंह रौथाण, प्रेरणा काला, गौरव उपाध्याय, ओम प्रकाश मैठानी, परमानंद मैठानी, सुबोध भट्ट, ब्रह्मानंद भट्ट तथा आनंद सिंह बुटोला आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

More From Author

BJP Vidhi Prakash ne manayi Pandit Deendayal Upadhyaya Jayanti

श्रीनगर: भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने मनाई पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती, न्याय व्यवस्था में एकात्म मानववाद के दर्शन को अपनाने का आह्वान।