पौड़ी गढ़वाल (बलोड़ी)।
गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। घाटी के 34 से अधिक गांवों की आस्था के केंद्र इस मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने मुख्य रूप से शिरकत की और मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

11वें वर्ष में पहुंचा मेले का आयोजन
साल 2016 में शुरू हुआ यह स्थानीय मेला इस वर्ष अपने 11वें पड़ाव पर पहुंच गया है। मेले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की पहचान वहां की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से बनती है। उन्होंने कहा कि देवलेश्वर महादेव मंदिर में होने वाले ऐसे आयोजन पुरानी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम हैं। जिलाधिकारी ने मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इससे बाहरी क्षेत्रों के लोगों को भी यहां की लोक संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में पिछले वर्ष के दौरे को याद करते हुए कहा कि तब मंदिर परिसर में स्थायी मंच और अन्य निर्माण कार्यों की जरूरत महसूस की गई थी। उन सुझावों के आधार पर अब परिसर में निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंदिर की धार्मिक महत्ता को देखते हुए इसके सौंदर्यीकरण के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण किया गया है। इसके अलावा मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक शिल्प शैली का उपयोग किया गया है और मंदिर के इतिहास व स्थापत्य की जानकारी देने वाले सूचना-पट्ट भी लगाए गए हैं।
‘कमलव्यूह’ नाटक का हुआ मंचन
मेले के सांस्कृतिक सत्र में कृष्णानंद नौटियाल के निर्देशन में ‘कमलव्यूह’ नाटक का मंचन किया गया। महाभारत के पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कलाकारों के अभिनय की दर्शकों ने खूब सराहना की।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, बलोड़ी की ग्राम प्रधान पूजा देवी, मंदिर समिति के अध्यक्ष सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा (सेनि.), मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल, संचालक नागेंद्र जुगराण, प्रमोद मंद्रवाल, सत्यभामा जुगराण, गोपाल ममगाईं, केसर सिंह कठैत, विक्रम सिंह रावत, उत्तर रावत, दौलत रावत और यशवंत थपलियाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
