देहरादून। कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी की यात्रा पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि उन्हें राज्य आने पर पुनर्विचार करना चाहिए, क्योंकि उनका दौरा हमेशा भाजपा के लिए ही शुभ और फायदेमंद साबित होता है। भट्ट ने स्पष्ट किया कि भाजपा इस दौरे को लेकर पूरी तरह से निश्चिंत है, जबकि कांग्रेस को यह भ्रम है कि राहुल गांधी के आने से पार्टी की खोई हुई जमीन वापस मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का रुख बिल्कुल साफ है और राज्य की जनता कांग्रेस का असली चाल, चरित्र और चेहरा अच्छी तरह पहचान चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर सेना और सनातन विरोधी होने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता ऐसे दलों को कभी स्वीकार नहीं कर सकती। उन्होंने उत्तराखंड के सैन्य बहुल और गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि इस भूमि के युवाओं ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे में जो नेता और दल सेना का अपमान करते हैं, उनके लिए इस देवभूमि में कोई स्थान नहीं है। भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी नेता केवल चुनावी मौकापरस्ती के तहत उत्तराखंड का रुख करते हैं, लेकिन राज्य के देशभक्त नागरिक उनकी इस मानसिकता को भलीभांति समझते हैं और वोट के जरिए उन्हें करारा जवाब देते हैं।
सनातन संस्कृति के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सनातन संस्कृति और आस्था का केंद्र है, लेकिन कांग्रेस की रग-रग में सनातन का विरोध बसा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों और नीतियों की पहली प्राथमिकता हमेशा तुष्टिकरण और एक विशेष समुदाय को साधना ही रही है। आज भी जिन-जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार या उसका प्रभाव है, वहां तुष्टिकरण की पराकाष्ठा देखने को मिल रही है। भट्ट ने दावा किया कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता कभी भी ऐसी विभाजनकारी और विरोधी विचारधारा को स्वीकार नहीं करेगी। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा कांग्रेस की इसी विचारधारा और उसके कृत्यों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी।
