रुद्रप्रयाग।
चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाओं पर मौसम एक बार फिर चुनौती बन गया। 11 मई 2026 को खराब मौसम के कारण रुद्रप्रयाग जिले में दो हेलीकॉप्टरों को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित रहे।जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब सवा पांच बजे एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सिरसी की ओर उड़ान भर रहा था, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून से फाटा जा रहा था।

इसी दौरान गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली। घने बादल छा गए और विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। पायलटों ने सतर्कता बरतते हुए अगस्त्यमुनि खेल मैदान में दोनों हेलीकॉप्टरों की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।दोनों हेलीकॉप्टरों में पायलट समेत कुल 10 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कुछ देर बाद मौसम सामान्य होते ही दोनों हेलीकॉप्टरों ने दोबारा सुरक्षित उड़ान भर ली।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण एहतियात के तौर पर दोनों हेलीकॉप्टरों की अगस्त्यमुनि खेल मैदान में लैंडिंग कराई गई थी। सभी यात्री सुरक्षित हैं और मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टर सुरक्षित टेकऑफ कर चुके हैं।उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहती हैं। सुरक्षा मानकों को देखते हुए खराब मौसम में उड़ानों को रोका या डायवर्ट किया जाता है।

केदारघाटी में पहले भी कई बार हेलीकॉप्टर हादसे और इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।इस समय केदारनाथ धाम के लिए 8 हेलीकॉप्टर कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार गुप्तकाशी से 2 ऑपरेटर, फाटा से 4 ऑपरेटर और सिरसी से 2 हेली कंपनियां उड़ान भर रही हैं। यात्री केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही टिकट बुक कर सकते हैं।चारधाम यात्रा के दौरान खराब मौसम यात्रियों और हेली सेवाओं के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील कर रहा है कि मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेकर ही हेलीकॉप्टर यात्रा की योजना बनाएं।
