श्रीनगर।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कुमारी अलका, जो तहसील विधिक सेवा समिति श्रीनगर की अध्यक्ष भी हैं, की अध्यक्षता में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान श्रीनगर में आयोजित हुआ।

शिविर में छात्र-छात्राओं को कानून की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को कानूनी प्रक्रियाओं, परिवार संबंधी कानूनों तथा अपने अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी, पीएलवी सदस्य पूनम हटवाल, प्रीति बिष्ट, रोशनी देवी, प्रियंका रॉय, मानव बिष्ट सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और कानूनी जागरूकता से संबंधित अनेक सवाल भी पूछे।
