श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर राष्ट्रीय मेडिकोज़ संगठन (एनएमओ) की वीसीएसजीजीआईएमएस एंड आर, श्रीनगर गढ़वाल इकाई द्वारा सोमवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. आशुतोष सयाना के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का सफल समन्वय एनएमओ के सचिव डॉ. अमन भारद्वाज द्वारा किया गया, जबकि उपाध्यक्ष डॉ. सौरभ सचर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित श्री तरुण जी ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने उपस्थितजनों से केवल पौधारोपण तक सीमित न रहने, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण अभियान में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र अभिषेक, श्याम सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। एनएमओ के पदाधिकारियों ने बताया कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का एक ठोस संकल्प है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में हरित वातावरण के निर्माण, जैव विविधता के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से यह संकल्प लेने के साथ हुआ कि वे परिसर में लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और उन्हें संरक्षित रखेंगे। मेडिकल कॉलेज प्रशासन और एनएमओ की इस पहल ने हरेला पर्व को एक सार्थक और पर्यावरण अनुकूल आयोजन के रूप में स्थापित किया है।
