पाबौ । विकासखंड पाबौ के खुड़डेश्वर मैदान में स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय जल उत्सव-2026 का शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस कार्यक्रम का आगाज किया। इस मौके पर उन्होंने जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों की सुरक्षा में जनभागीदारी को अनिवार्य बताया। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया और वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोत, नदियां, गाड़-गदेरे, नौले और धारे हमारी राज्य की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपदा हैं। उन्होंने कहा कि आज बदलती जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती जल आवश्यकताओं को देखते हुए इन जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन समय की सबसे बड़ी जरूरत है। राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने और उनके पुनर्जीवन का कार्य कर रही है, लेकिन स्थानीय समुदायों, महिला समूहों और युवाओं की भागीदारी से ही इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री खुड़डेश्वर खेल मैदान के समीप आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल हुए और उन्होंने यहां श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उनका कहना था कि स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। स्वच्छता अभियान के बाद उन्होंने वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बहुत सहायक होता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी उचित देखभाल करने का आह्वान किया।
जल उत्सव के इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, डिप्टी डायरेक्टर सारा अजय कुमार सोनकर और तहसीलदार जे.आर. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
