रुड़की।
हरिद्वार जिले के रुड़की में शादी के मंडप में प्रेमिका के पहुंचने से बड़ा हंगामा हो गया। युवती ने सबके सामने दूल्हे पर धोखा देने, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और दूसरी शादी करने के गंभीर आरोप लगाए। हंगामे के बाद दुल्हन पक्ष ने बारात को बिना विदाई के लौटा दिया।मामला रुड़की के गंगनहर क्षेत्र स्थित एक बैंक्वेट हॉल का है।

कलियर क्षेत्र के मेहवड़ गांव से बारात धूमधाम से पहुंची थी। निकाह की रस्में चल रही थीं और मेहमान जश्न मना रहे थे। तभी भगवानपुर क्षेत्र की एक युवती अचानक बैंक्वेट हॉल में पहुंची और दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाने लगी। युवती ने दावा किया कि उसका दूल्हे के साथ पिछले करीब 10 साल से प्रेम संबंध था। युवक ने शादी का वादा करके उसके साथ संबंध बनाए।
युवती का आरोप है कि युवक ने उसे लगातार प्रेम जाल में फंसाए रखा और अपनी शादी छिपाकर रखी। उसने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उसी से निकाह करेगा। युवती ने आगे बताया कि एक साल पहले उसकी दूसरी जगह शादी हो चुकी थी, लेकिन प्रेमी के दबाव में उसने तलाक ले लिया। युवक ने इद्दत पूरी होने के बाद शादी करने का वादा किया था, लेकिन अब वह दूसरी शादी कर रहा है।

युवती ने कहा, “मुझे अच्छा नहीं लगता कि मेरी मोहब्बत किसी और की हो।”युवती के आरोपों के बाद बैंक्वेट हॉल में माहौल पूरी तरह गरमा गया। दोनों पक्षों के बीच बहस और हंगामा शुरू हो गया। दुल्हन पक्ष ने विवाद बढ़ने पर लड़की की विदाई करने से इनकार कर दिया। हंगामा बढ़ता देख दूल्हा और बाराती बिना दुल्हन के लौट गए।इस घटना से पूरा इलाका चर्चा में है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह मामला काफी चर्चित हो रहा है।यह भी पढ़ें: प्रेम में धोखा खाने वाली युवती ने मंडप में मचाया हंगामा
