देहरादून।
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है।

उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया है कि मौसम की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए यात्रा कार्यक्रम बनाने से पहले ताजा मौसम जानकारी जरूर लें। यदि संभव हो तो इन दो दिनों में यात्रा टाल दें या पूरी सावधानी बरतें। यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी जरूरी है।आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने पर भूस्खलन और नदी-नालों में उफान आने की संभावना रहती है, इसलिए यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए।मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों में पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालु मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर ही अपनी योजना बनाएं।

