Pauri me NEET UG 2026 pariksha ki taiyariyon ki samiksha

पौड़ी में NEET UG 2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, 3 मई को दो केंद्रों पर 444 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।

पौड़ी।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने की, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

skynet school banner

प्रभारी अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जनपद में यह परीक्षा 3 मई, रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा और वे शाम 6 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पौड़ी और राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी नगर को केंद्र बनाया गया है। कुल 444 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 204 अभ्यर्थी पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तथा 240 अभ्यर्थी राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी नगर में परीक्षा देंगे।

skynet computer education

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को दोनों परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए जरूरत पड़ने पर विशेष बस सेवाएं संचालित करने और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस उपलब्ध रखने तथा अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्यों को परीक्षा से पहले दोनों केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने को कहा गया है, ताकि समय रहते किसी भी कमी को दूर किया जा सके।

बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत अभिनव रावत, एआरटीओ एन.के. ओझा, प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय अनिता बिष्ट, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी शिक्षा विभाग अनीता देवी, प्रवक्ता जीआईसी पौड़ी नगर मोहन चंद्र घिल्डियाल, प्रवक्ता केंद्रीय विद्यालय पौड़ी मनीष भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

Srinagar me Anti Drug Diwas aur Prithvi Diwas par Vidhik Jagrukta Shivir

श्रीनगर में एंटी ड्रग दिवस व पृथ्वी दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश।