पौड़ी गढ़वाल।
उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जनपद पौड़ी गढ़वाल के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जिले के कुल 21 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम गौरवान्वित किया, जिनमें हाईस्कूल के 14 तथा इंटरमीडिएट के 7 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी Swati S. Bhadauria ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ अन्य छात्रों को भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना सराहनीय उपलब्धि है। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता ही व्यक्ति की पहचान बनती है और वही दूसरों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के करियर निर्माण में परिवार का सहयोग और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि निरंतर प्रयास किए जाएं तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने सपनों, संघर्षों और भविष्य की योजनाओं को साझा किया, जिससे सभागार प्रेरणादायक माहौल से भर गया। कई छात्रों ने सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विद्यार्थियों ने अपने करियर विकल्पों के बारे में जानकारी दी, जिसमें इंजीनियरिंग के क्षेत्र में विशेष रुचि सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इंजीनियरिंग जैसे प्रतिस्पर्धात्मक क्षेत्रों में रुचि रखने वाले मेधावी छात्रों को जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा। इसके लिए मुख्य शिक्षाधिकारी को सुझाव आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के दौरान विद्यार्थियों का समय-समय पर मूल्यांकन किया गया। नियमित मासिक परीक्षाओं के माध्यम से छात्रों की कमजोरियों को चिन्हित कर उन्हें सुधारने का प्रयास किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और उचित मार्गदर्शन दिया गया, जिससे बेहतर परिणाम संभव हुए। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग से ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में जनपद का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की छात्रा महक ने कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास और धैर्य आवश्यक है। जेपी इंटर कॉलेज कोटद्वार के छात्र सार्थक बुड़ाकोटी ने नियमित अध्ययन और समर्पण को सफलता की कुंजी बताया। सतपुली के छात्र आयुष ने परीक्षा को चुनौती के रूप में स्वीकार कर बिना भय आगे बढ़ने की बात कही। पीएमश्री जीजीआईसी पौड़ी की छात्रा निहारिका ने कहा कि टॉपर्स से प्रेरणा लेकर अन्य विद्यार्थी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस अवसर पर समग्र शिक्षा समन्वयक रीना रावत, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विद्या शरण, प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुनियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सीताराम पोखरियाल, राजकीय शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष भवान सिंह नेगी, पर्वतीय शिक्षक कर्मचारी संगठन जिला अध्यक्ष संजय नेगी, पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी सहित छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जयदीप रावत ने किया।
