पौड़ी गढ़वाल। 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेन्द्र पींचा ने शुक्रवार 27 नवंबर 2026 को पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल लिया। पुलिस कार्यालय पौड़ी में उन्होंने गार्द सलामी ली और इसके बाद विधिवत रूप से पद का चार्ज लिया।

चार्ज लेने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग शाखाओं और इकाइयों के कामकाज की जानकारी ली। जनपद की मौजूदा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े जरूरी विषयों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि बेहतर तालमेल, अनुशासन, जवाबदेही और जनहित को सबसे ऊपर रखकर काम किया जाए।
नए एसएसपी ने पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं का दौरा भी किया। हर शाखा में चल रहे काम और कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से उनके काम के बारे में पूछा और काम को जल्दी, पारदर्शी तथा असरदार तरीके से पूरा करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
देवेन्द्र पींचा 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में कई अहम पदों पर काम किया है। इससे पहले वे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा, सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी, पुलिस अधीक्षक चम्पावत, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल और अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
उन्हें साल 2013 में केदारनाथ आपदा के दौरान बचाव और राहत कार्यों के लिए सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मिल चुका है। साल 2020 में एसपी रुद्रपुर रहते हुए कोरोना महामारी में अच्छे काम के लिए उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। साल 2023 में एसपी चम्पावत के तौर पर नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में बेहतर काम पर राज्यपाल उत्तराखंड ने उन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक दिया। इसके अलावा 15 अगस्त 2025 को उन्हें पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ से भी सम्मानित किया गया।
पौड़ी गढ़वाल पुलिस परिवार ने नए एसएसपी का स्वागत और अभिनंदन किया है। पुलिस ने कहा कि उनके नेतृत्व में जनपद की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराधों पर रोक लगाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और लोगों की समस्याओं के जल्दी निस्तारण के लिए पूरी निष्ठा और टीम भावना से काम किया जाएगा।
