श्रीनगर(पौड़ी गढ़वाल)। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को दोपहर 2 बजे बार एसोसिएशन के बार भवन श्रीनगर में जिला स्तरीय अधिवक्ता गोष्ठी हुई। यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, जिला पौड़ी गढ़वाल की ओर से किया गया। गोष्ठी का विषय था — “संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण में राष्ट्रवादी अधिवक्ताओं की भूमिका”। इसमें जिले भर के वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश संयोजक नीरज पांडे और प्रदेश सह-संयोजक अनिल कुकरेती के मार्गदर्शन में हुआ। बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी और वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र पाल सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने किया, जबकि संचालन जिला सह-संयोजक विकास पंत ने किया।
जिला संयोजक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि संविधान सिर्फ कानूनों का संग्रह नहीं है, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और सांस्कृतिक मूल्यों की आत्मा है। उन्होंने कहा कि समाज के आखिरी व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा में अधिवक्ताओं को आगे रहना होगा।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा और विस्तृत लिखित संविधान है। यह हर नागरिक के अधिकार और कर्तव्य बताता है। उन्होंने कहा कि इसे ठीक से समझकर हर वर्ग तक न्याय पहुंचाना वकीलों की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र पाल सिंह रावत ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि संविधान जीवंत और समावेशी दस्तावेज है और अधिवक्ताओं को कोर्ट के अंदर-बाहर संवैधानिक नैतिकता व राष्ट्रहित को ऊपर रखना चाहिए।
विकास पंत ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाए जा रहे हैं, ऐसे में वकीलों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे तथ्य और कानून के जरिए समाज को सही दिशा दिखाएं। जिला सह-संयोजक प्रदीप मैठाणी ने कहा कि प्रस्तावना में लिखे न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श ही राष्ट्र की नींव हैं। अधिवक्ता नितेश भारती ने कहा कि मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन भी हर नागरिक के लिए जरूरी है।
इस मौके पर बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी, पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जोशी, अधिवक्ता देवी प्रसाद खरे, बलवीर सिंह रौतेला, सुरेंद्र सिंह रौथाण, राजेश जैन, आनंद सिंह बुटोला, ब्रह्मानंद भट्ट, सुबोध भट्ट, गौरव उपाध्याय, प्रेरणा काला, कुलदीप दानू और परमानंद मैठाणी सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। अंत में अनूप श्री पांथरी ने प्रदेश नेतृत्व और सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
