Srinagar me 'Surakshit Bachpan' par vidhik saksharta shivir ka aayojan

श्रीनगर में ‘सुरक्षित बचपन’ पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन, पॉक्सो एक्ट और ‘गुड-बैड टच’ की दी गई विस्तृत जानकारी

श्रीनगर गढ़वाल। माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के निर्देशानुसार, तहसील विधिक सेवा समिति, श्रीनगर के तत्वावधान में द मार्शल पब्लिक स्कूल में ‘सुरक्षित बचपन’ विषय पर एक दिवसीय वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 9:30 बजे से शुरू हुए इस शिविर की अध्यक्षता सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति, सुश्री अलका ने की।

skynet school banner

शिविर को संबोधित करते हुए सिविल जज सुश्री अलका ने छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों एवं ‘पॉक्सो एक्ट’ (POCSO Act) के विभिन्न विधिक प्रावधानों की सरल शब्दों में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को ‘गुड टच और बैड टच’ के अंतर को स्पष्ट रूप से समझाते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि ऐसी किसी भी स्थिति में वे तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा विधिक तंत्र से संपर्क करें। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा, सतर्कता एवं आपसी सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सिविल जज सुश्री अलका से अपने विधिक अधिकारों, कर्तव्यों, बाल सुरक्षा कानूनों और न्याय प्रणाली की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल पूछे। सुश्री अलका ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान अत्यंत आत्मीयता और स्पष्टता से किया, जिससे छात्रों में विधिक प्रक्रियाओं के प्रति स्पष्ट समझ विकसित हुई।

बार एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि एक मजबूत और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए बच्चों का अपने कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों से अवगत होना बेहद जरूरी है। बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि ‘सुरक्षित बचपन’ हर बच्चे का बुनियादी और कानूनी अधिकार है, और विधिक सेवा समिति सदैव समाज के अंतिम छोर तक न्याय व सुरक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पैनल लॉयर देवी प्रसाद खरे ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान प्रदत्त अधिकारों, शिक्षा के अधिकार और निशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रिया सबरवाल ने विधिक सेवा समिति, न्यायिक अधिकारियों एवं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्कूली बच्चों का आत्मबल बढ़ता है और वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनते हैं।

इस अवसर पर संरक्षक अनूप श्री पांथरी, अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी, पैनल अधिवक्ता देवी प्रसाद खरे, प्रधानाचार्या प्रिया सबरवाल, मार्शल स्कूल के प्रबंधक जैलैश सबरवाल, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स (पी.एल.वी.) प्रकाश नेगी, मानव बिष्ट सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

More From Author

CM Dhami ke aitihasik vidhik faislon ki sarahna

CM धामी के ऐतिहासिक विधिक फैसलों की सराहना, 31 अक्टूबर की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने का अधिवक्ताओं ने लिया संकल्प।