BJP Srinagar Garhwal Assembly Incharge Vijay Kaparwan talking to media

श्रीनगर गढ़वाल में बूथ स्तर पर मजबूत होगी भाजपा, पुराने समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगा सम्मान: विजय कपरवान।

श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त श्रीनगर विधानसभा प्रभारी विजय कपरवान ने संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों को लेकर अपनी रणनीतियों को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य पार्टी के आधार स्तंभ यानी बूथ अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों को सक्रिय व जागरूक करना है। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि पार्टी को इस मुकाम तक पहुँचाने वाले पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को हर हाल में पूरा सम्मान दिलाया जाएगा।

skynet school banner

विधानसभा प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद क्षेत्र के दौरे पर पहुँचे विजय कपरवान ने संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया, “मैंने सभी मंडल अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों से संवाद स्थापित किया है। मेरा स्पष्ट कार्यक्रम मंडल से शक्तिकेंद्र और फिर सीधे बूथ स्तर तक पहुँचने का है।” उन्होंने सुबह के समय को कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के लिए सबसे मुफीद बताया और कहा कि वे जमीनी स्तर पर हर एक कार्यकर्ता से खुद संवाद कर रहे हैं। दीपावली के बाद खिरसू, पाबो, पैठानी और थलीसैंण जैसे क्षेत्रों का सघन दौरा कर पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की जाएँगी।

मंत्री धन सिंह रावत के प्रयासों से विकास को लग रहे पंख
श्रीनगर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए प्रभारी कपरवान ने कहा कि प्रशासक काल में यहाँ बड़ी गौशाला का निर्माण और पेयजल संकट को दूर करने के लिए डैम पर सफल प्रयोग जैसे बड़े कार्य हुए हैं। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि मंत्री जी की 24 घंटे पानी देने की घोषणा धरातल पर उतरने जा रही है। इसका टेंडर लग चुका है जो आगामी 14 नवंबर तक खुल जाएगा, जिससे जनता को निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिलने लगेगी।

गुटबाजी और मतभेदों पर कहा- ‘भाजपा एक बड़ा परिवार’
सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं के बीच आपसी खिंचाई और मतभेदों के सवाल पर विजय कपरवान ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, “भाजपा एक बहुत बड़ा परिवार है। पहले संख्या कम थी, अब कुनबा बड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर दिखने वाली बातें कोई बड़ा मुद्दा नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता परिवार से बाहर नहीं है। चाहे युवा मोर्चा हो या मातृशक्ति, यदि कहीं कोई मनमुटाव है भी, तो सबको एक मंच पर लाकर एकजुट करने का काम मेरा है।” नगर निगम चुनाव के कड़वे अनुभवों को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि सभी पुराने और नए साथियों के समन्वय से आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को बड़ी सफलता मिलेगी।

More From Author

district hospital almora

अल्मोड़ा जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की छुट्टी से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप, 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं को हुई परेशानी।