श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में सिविल सेवा निःशुल्क कोचिंग योजना की कक्षा शुरू हो गई है। यह योजना उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाई जा रही है। कक्षा का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने किया।

इस मौके पर कुलपति ने विद्यार्थियों से बात की। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही मार्गदर्शन, अनुशासन और लगातार मेहनत जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की कोशिश है कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के होनहार छात्रों को अच्छी शिक्षा और बेहतर मौके मिलें, ताकि वे भी प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच सकें।
योजना के नोडल अधिकारी प्रो. एम.एम. सेमवाल ने कक्षा शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि जनवरी से ही इस कक्षा को व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए काम चल रहा था। उनकी देखरेख में छात्रों के लिए पढ़ाई और बुनियादी सुविधाओं वाली कक्षा तैयार की गई है। उन्होंने योजना को चलाने में मदद करने वाले विश्वविद्यालय प्रशासन और सभी सहयोगियों का धन्यवाद कहा।
इस योजना के तहत चुने गए विद्यार्थियों को UPSC और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। छात्रों को अच्छी स्टडी मटेरियल और किताबें, फ्री वाई-फाई, लाइब्रेरी की सुविधा, आने-जाने के लिए मुफ्त बस सेवा, नियमित मॉक टेस्ट और परीक्षा के हिसाब से मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा दूसरी जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं भी दी जाएंगी।
कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ओ.पी. गुसाईं, बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. एच.बी.एस. चौहान, वित्त अधिकारी डॉ. अजय मोहंती सहित विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक और अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के शिक्षक और योजना से जुड़े सभी सुविधाकर्मी भी यहां रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस पहल से उत्तराखंड के प्रतिभाशाली छात्रों को प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का अच्छा मौका मिलेगा।
