पौड़ी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित एक विशेष गोष्ठी में पत्रकारों ने वर्तमान दौर में मीडिया की चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर गंभीर मंथन किया। वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि पत्रकारिता में तथ्यों की प्रामाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, न कि केवल सनसनीखेज हेडलाइंस बनाने पर।

वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा ने प्रेस की स्वतंत्रता और बदलते पत्रकारितिक स्वरूप पर चर्चा करते हुए कहा कि आज कई बार खबरों की वास्तविकता और गंभीरता से हटकर भ्रामक शीर्षक लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेडलाइन खबर के मर्म और तथ्यों के अनुरूप ही होनी चाहिए। इसी क्रम में वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन उनियाल ने निष्पक्षता और विश्वसनीयता को पत्रकारिता की आत्मा बताते हुए कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना और अपनी जिम्मेदारी को समझना हर पत्रकार का प्राथमिक दायित्व है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार कुलदीप बिष्ट ने कहा कि पत्रकारिता को केवल समाचार प्रसारण तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि आमजन के बीच खड़े होकर उनकी समस्याओं को समझना और सामाजिक सरोकारों से जुड़ना भी उतना ही आवश्यक है।
जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि सूचना के तेजी से प्रसार के इस डिजिटल दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही मीडिया के प्रति जनता का विश्वास कायम रह सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने के साथ-साथ विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को भी समान प्राथमिकता दें।
‘समय हस्ताक्षर’ के संपादक बृजेंद्र सिंह रावत ने एक व्यावहारिक दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि यद्यपि कुछ मीडिया संस्थान लोकप्रियता बनाए रखने की मजबूरी में सनसनीखेज अंदाज अपनाते हैं, लेकिन सही रास्ता यही है कि जनता को केंद्र में रखते हुए उचित आंकड़ों और ईमानदारी के साथ खबर का वास्तविक मर्म समझाया जाए।
इस अवसर पर अजय रावत, बीपी बलोदी, मनोहर बिष्ट, जगमोहन डांगी, जसपाल नेगी, मुकेश आर्या, सिद्धांत उनियाल, बृजेंद्र सिंह रावत, प्रदीप नेगी, गणेश नेगी, मुकेश बछेती, पंकज रावत, दीपक बड़थ्वाल, करन नेगी, महेंद्र नेगी, अंकित उनियाल, गब्बर भंडारी, भगवान सिंह, विजय बहुगुणा, दीपक नौडियाल, जगत किशोर बड़थ्वाल और प्रदीप बंसल सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
