श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल की सांस्कृतिक राजधानी श्रीनगर एक बार फिर अपने सबसे बड़े आयोजन के लिए तैयार है। ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला-2026 का आगाज 23 नवंबर को होगा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे। नगर निगम ने इस वर्ष मेले का खाका इस तरह तैयार किया है कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक कलाकारों, खिलाड़ियों और पारंपरिक विरासत को भी बराबर का मंच मिल सके। महापौर आरती भंडारी ने कार्यक्रमों की पूरी सूची सार्वजनिक करते हुए बताया कि इस बार कई ऐसे आयोजन पहली बार शामिल किए गए हैं, जो मेले को पहले से अधिक विविधतापूर्ण बनाएंगे।

मंदिरों की सजावट से लेकर मंच तक की तैयारी महापौर ने बताया कि कमलेश्वर महादेव मंदिर के अलावा शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मेला श्रीनगर की सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक है, इसलिए तैयारियों में पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए नए आकर्षण जोड़े गए हैं। मंच पर बाहरी कलाकारों की जगह स्थानीय और प्रदेश के कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है। इसके पीछे सोच यह है कि हर उम्र के लोग मेले में अपनी पसंद का कार्यक्रम देख सकें और उसमें शामिल भी हो सकें।
वीर गाथाएं और पहाड़ी पहचान को मिलेगा मंच मेले के सांस्कृतिक हिस्से में गढ़-कुमाऊं परिधान प्रतियोगिता, ढोल सागर, चक्रव्यूह और द्रौपदी स्वयंवर का मंचन शामिल है। सबसे खास बात यह है कि सुमाड़ी कु पंथ्या दादा की वीर गाथा और वीर माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। नगर निगम का मानना है कि इन प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की वीरता और ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है, जो अब धीरे-धीरे विस्मृति में जा रही है।
दिन-ब-दिन कार्यक्रमों का पूरा ब्यौरा मेले की शुरुआत 23 नवंबर को शाम छह बजे सीतापुर नेत्र चिकित्सालय प्रांगण में भजन संध्या से होगी, जिसमें लोकगायिका हेमा नेगी करासी प्रस्तुति देंगी। 24 नवंबर को शाम छह बजे ‘रमछौल’ में किशन महिपाल, अमित खरे, रजनीकांत सेमवाल, अनुराग कांत, लता तिवारी पांडेय और रेखा उनियाल अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 25 नवंबर को आवास विकास मैदान में दोपहर दो बजे अंडर-13 वर्ग की ‘श्रीनगर के सितारे’ प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम छह बजे सीनियर वर्ग का आयोजन होगा। इसी दिन स्थानीय युवाओं का सूफी बैंड ‘रंगत’ भी मंच पर आएगा।
26 नवंबर को दोपहर 12 बजे गोला बाजार में गढ़-कुमाऊं पहाड़ी परिधान प्रतियोगिता और ढोल सागर होगा, वहीं शाम छह बजे आवास विकास मैदान में गढ़वाली कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में नटराज डांस ग्रुप और पंचतत्व बैंड की प्रस्तुतियां भी होंगी। 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे चक्रव्यूह और शाम पांच बजे द्रौपदी स्वयंवर का मंचन होगा। इसके बाद गढ़वाली नाइट में सौरव मैठाणी, मीणा राणा, विवेक नौटियाल, अमित सागर, अंजलि खरे और अंजू नेगी दर्शकों को बांधेंगी। 28 नवंबर को दोपहर दो बजे डॉग शो, बेबी शो और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम छह बजे संकल्प खेतवाल एंड बैंड की स्टार नाइट रहेगी। मेले के सांस्कृतिक सत्र का समापन 29 नवंबर को शाम छह बजे सुमाड़ी कु पंथ्या दादा और वीर माधो सिंह भंडारी की वीर गाथा पर आधारित विशेष प्रस्तुति से होगा।
खेल प्रतिभाओं और जल क्रीड़ा पर विशेष जोर 30 नवंबर से दो दिसंबर तक विद्यालयी स्तर की खेल प्रतियोगिताएं चलेंगी, जिनमें कैरम, शतरंज, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और रस्साकशी शामिल हैं। श्रीनगर की फुटबॉल परंपरा को दोबारा खड़ा करने के लिए अंडर-19 और अंडर-14 वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसके अलावा पिठ्ठू जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिता भी मेले का हिस्सा रहेगी। प्रतिदिन धारी देवी मंदिर के पास ‘मिनी गोवा बीच’ पर जल क्रीड़ा गतिविधियां होंगी, जो युवाओं और पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण बन सकती हैं।
निमंत्रण पत्र पर QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगा रास्ता बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने इस बार तकनीक का सहारा लिया है। महापौर ने बताया कि निमंत्रण पत्र के पहले पृष्ठ पर QR कोड छापा गया है। मोबाइल से इसे स्कैन करते ही मेला स्थल की लोकेशन सामने आ जाएगी, जिससे पहली बार आने वाले लोगों को रास्ता खोजने में दिक्कत नहीं होगी। महापौर आरती भंडारी ने नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से परिवार सहित मेले में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन स्थानीय प्रतिभा और उत्तराखंड की विरासत को पहचान दिलाने का बड़ा अवसर है।
