Paithani Rahu mandir ko pramukh tirthsthal ke roop me viksit karne ki taiyari

पैठाणी राहु मंदिर को प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी, डीएम स्वाति भदौरिया ने किया निरीक्षण

पैठाणी (पौड़ी गढ़वाल)। जनपद के पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को उसकी धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप विकसित करने के प्रयास अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। मंदिर परिसर में पूर्व से मौजूद अव्यवस्थित संरचनाओं को हटाकर सुव्यवस्थित प्रांगण विकसित किया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पूर्व में आयोजित बैठकों और स्थलीय निरीक्षणों में लिए गए निर्णयों के क्रम में मंदिर परिसर का पुनः निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अब तक हुए निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया और मंदिर समिति, स्थानीय ग्रामीणों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की।

skynet school banner

पौराणिक पहचान और धार्मिक गरिमा को केंद्र में रखकर विकास जिलाधिकारी ने कहा कि राहु मंदिर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहे, बल्कि इसकी पौराणिक पहचान, पारंपरिक वास्तुशैली और धार्मिक गरिमा को केंद्र में रखकर इसे एक विशिष्ट तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाए। मंदिर को पारंपरिक पौराणिक शैली में आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही धार्मिक तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सौंदर्यीकरण पर जोर जिलाधिकारी ने नवनिर्मित कक्षों के व्यवस्थित उपयोग के लिए प्रतीक्षालय, पूजा हॉल सहित अन्य कक्षों पर नाम पट्टिकाएं लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम तल पर बनाए गए पूजा कक्ष को शीघ्र व्यवस्थित करने तथा भवन के पीछे की दीवार पर पत्थर लगाने का कार्य जल्द पूरा करने को कहा। पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए वाटर प्यूरीफायर स्थापित करने और सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने, रेलिंग का सौंदर्यीकरण करने, भवन की फिनिशिंग बेहतर बनाने तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों पर साइनेज और व्यू कटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा के साथ परिसर का सुंदर दृश्य भी मिल सके।

परिसर के सौंदर्यीकरण और आध्यात्मिक वातावरण को और आकर्षक बनाने के लिए डेकोरेटिव पोल स्थापित किए जाएंगे, जिनमें इनबिल्ट साउंड सिस्टम लगाया जाएगा। इसके माध्यम से धार्मिक संगीत एवं भजन प्रसारित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।

पुरातत्व विभाग के माध्यम से होगी संरचनाओं की सफाई जिलाधिकारी ने मंदिर की मूल संरचना और धार्मिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए मुख्य मंदिर एवं परिसर स्थित अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रासायनिक प्रक्रिया से उनकी सफाई पुरातत्व विभाग के माध्यम से कराने को कहा, ताकि ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व से जुड़ी संरचनाओं को नुकसान न पहुंचे।

दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र और घाट का विकास मंदिर विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र को तीर्थाटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत घाट का निर्माण, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर स्थित पुल में सुरक्षा जाली लगाने, राहु शिला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने जैसे कार्य किए जाएंगे। मंदिर के पीछे किचन-कम-स्टोर के निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा हुई। मंदिर समिति की ओर से रखे गए सुझावों पर जिलाधिकारी ने सहमति जताते हुए कार्यों को समिति की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप आगे बढ़ाने की बात कही।

पुजारियों का पंजीकरण, स्थानीय रोजगार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के साथ चर्चा में कहा कि धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से पुजारियों का पंजीकरण कराया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए व्यवस्थित सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि पैठाणी राहु मंदिर का व्यवस्थित एवं आकर्षक विकास क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार दे सकता है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। इस दिशा में स्थानीय लोगों, मंदिर समिति और व्यापार संघ के सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं व्यापार संघ के सदस्यों ने पैठाणी बाजार में शौचालय और डंपिंग जोन विकसित करने के सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण पर सहमति जताते हुए उसके नियमित संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता जगदीश नेगी, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित मंदिर समिति, व्यापार सभा के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

More From Author

Pauri me DCC-DLRC baithak

पौड़ी में डीसीसी-डीएलआरसी बैठक: सीडीओ अशोक जोशी ने एसबीआई व पीएनबी को सीडी रेशियो सुधारने के दिए निर्देश

Paithani me swasthya kendron ka auchak nirikshan

पैठाणी में स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण: बिना अनुमति अवकाश पर मिले प्रभारी चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश