ramnagar guldar death

रामनगर में नर गुलदार का शव मिलने से हड़कंप, आपसी संघर्ष या वन्यजीव हमले की जांच जारी।

रामनगर/नैनीताल।

नैनीताल जिले के रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत रिंगोड़ा ब्लॉक के पंपापुरी क्षेत्र में एक नर गुलदार का शव मिलने से क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। आबादी के नजदीक मृत अवस्था में मिले इस वन्यजीव को लेकर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी संघर्ष की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रेंज अधिकारी शेखर तिवारी के अनुसार मृत गुलदार नर है, जिसकी उम्र लगभग डेढ़ वर्ष आंकी गई है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

skynet public school, agency mohalla, srinagar garhwal

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम वन विभाग को सूचना प्राप्त हुई कि पंपापुरी क्षेत्र में एक गुलदार मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर निरीक्षण शुरू किया गया। घटनास्थल आबादी के समीप होने के कारण स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल देखने को मिला। मौके पर जांच के दौरान गुलदार के शरीर पर कई स्थानों पर गहरे नाखूनों के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला किसी अन्य वन्यजीव के साथ संघर्ष का प्रतीत हो रहा है।

वन विभाग के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हमला किसी अन्य गुलदार द्वारा किया गया या फिर क्षेत्र में सक्रिय बाघ से इसका सामना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इस इलाके में टाइगर की आवाजाही पहले भी दर्ज की गई है, ऐसे में सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बुधवार 8 अप्रैल को शाम के समय गुलदार के शव का पोस्टमार्टम रामनगर वर्कशॉप में किया गया, जो कॉर्बेट पार्क के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा और उनकी टीम की उपस्थिति में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार संपन्न हुआ।

वन विभाग ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में वन्यजीव गतिविधियों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।

More From Author

pushkar singh dhami fund approval

कुंभ-2027 और जिला योजनाओं को मिली 1200 करोड़ की स्वीकृति, चारधाम यात्रा व रोपवे परियोजना की तैयारियों पर भी जोर।

haldwani private school notice

हल्द्वानी में 46 निजी स्कूलों को नोटिस, महंगी किताबें थोपने पर प्रशासन सख्त।