tehri water sports championship

टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ, 19 टीमों के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा।

टिहरी गढ़वाल।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट, टिहरी गढ़वाल से 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य को पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है, जो प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ राज्य को साहसिक खेलों और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं। प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

skynet public school, agency mohalla, srinagar garhwal

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल फिटनेस बढ़ाती हैं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में उपयोगी साबित होते हैं और कई बार जीवन रक्षक भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूती दी है और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाई है। राज्य सरकार भी खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। प्रदेश में आधुनिक खेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन राज्य के विकास, पर्यटन संवर्धन और खेल प्रतिभाओं के उन्नयन में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

delhi dehradun expressway

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे शुभारंभ की तैयारियां तेज, 14 अप्रैल को पीएम दौरे को लेकर उच्चस्तरीय बैठक।

cardiology opd uttarakhand

श्रीनगर बेस अस्पताल में विशेष कार्डियोलॉजी ओपीडी, 45 मरीजों की जांच, हृदय रोगों के प्रति बढ़ी जागरूकता